टोंक. जिले के मालपुरा में सोमवार को कर्फ्यू में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक दस घंटे की ढील दी गई। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, बैंक व अन्य सभी कार्यालय खुले। लेकिन इंटरनेट सेवाएं 16 तक बंद रखी गई हैं। इससे पहले रविवार को ढील के दौरान जनजीवन सामान्य रहा। लोग बाजारों में घूमते रहे तथा आवश्यक सामान खरीदे। रोडवेज बसें व चार पहिया वाहनों के आवागमन से जयपुर-भीलवाड़ा रोड पर चहल पहल रही।
रविवार शाम चार बजे बाद कर्फ्यू में ढील समाप्त होने के बाद पुरानी तहसील के पास एक मोटर बाइंडिंग की बंद दुकान से धुएं के गुबार उठने लगे। आस पास तैनात पुलिस जवानों ने उच्चाधिकारियों को इत्तला दी। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की। उधर, कर्फ्यू में ढील का समय बीतने के साथ ही शहर में चार बजे बाद वापस सन्नाटा छा गया। ब्लॉक व शहर कांग्रेस तथा किसान महापंचायत ने भी शहर में लगाया कर्फ्यू हटाने व दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
क्या है मामला
विजयादशमी पर गत मंगलवार को निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव के बाद मालपुरा में तनाव पैदा हो गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रावण के पुतला दहन से इनकार कर दिया और विधायक के नेतृत्व में अजमेर रोड पर थाने के सामने धरने पर बैठ गए थे। समझाइश के बाद भी ग्रामीण नहीं माने तो रात करीब ढाई बजे सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इसके बाद गुपचुप तरीके से बुधवार सुबह 4 बजे पुतले का दहन करा दिया था। इसके बाद तनाव की स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने इंटरनेट बंद करा दिया और कर्फ्यू लगा दिया।